नारनौल में जजपा चलाएगी सदस्यता अभियान: 15 जून से 31 जुलाई तक चलेगा, पार्टी के रुठे कार्यकर्ताओं को लाया जाएगा वापस – Narnaul News

नारनौल में पत्रकारों से बातचीत करते हुए जजपा के जिला प्रधान राजकुमार यादव
हरियाणा के नारनौल में जननायक जनता पार्टी के जिला प्रधान राजकुमार यादव खातोद ने कहा कि जननायक जनता पार्टी आगामी 15 जून से पूरे प्रदेश में सदस्यता अभियान चलाएगी। पार्टी को मजबूत करने के लिए यह अभियान चलाया जा रहा है। यह अभियान 31 जुलाई तक चलेगा। जिसमें
.
पत्रकारों से बात करते हुए राजकुमार खातोद ने कहा कि पार्टी अपने संगठन को मजबूत कर रही है। इसी के तहत पार्टी ने जिला की कार्यकारिणी का गठन कर दिया है। जिनमें सभी ब्लाकों के प्रधानाें की नियुक्ति कर दी गई है। अब बची हुई कार्यकारिणी का जल्द ही गठन हाे जाएगा। उन्होंने बताया कि अब पार्टी का अगला कदम पूरे प्रदेश में पार्टी को मजबूत करने का है। जिसके तहत पार्टी पूरे प्रदेश में सदस्यता अभियान चला रही है। यह सदस्यता अभियान 15 जून से पूरे प्रदेश में शुरू होगा, जो एक माह चलेगा।
जिला में रुठों को मनाएगी पार्टी
जजपा के जिला प्रधान राजकुमार यादव ने कहा कि जननायक जनता पार्टी जिला में रुठों को मनाने का कार्य करेगी। उन्होंने कहा कि कोई भी व्यक्ति पार्टी से नाराज होकर दूसरी पार्टी में चला गया या राजनीति से दूर हो गया। उन सबको पार्टी मनाने का प्रयास कर रही है। इसी कड़ी में जजपा से कांग्रेस पार्टी में गए विनोद यादव भील को पार्टी में शामिल किया गया है तथा उनको अब नांगल चौधरी का प्रभारी भी बनाया गया है। ऐसे ही पार्टी पुराने सभी कार्यकर्ताओं से संपर्क कर उनको फिर से पार्टी में लाने का कार्य करेगी। उन्होंने कहा कि जिला महेंद्रगढ़ में पार्टी अपने शत प्रतिशत कार्यकर्ताओं को वापस पार्टी में लाएगी।
सरकार कर रही युवाओं के साथ खिलवाड़
उन्होंने कहा कि मौजूदा भाजपा की सरकार युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है। पहले तो युवाओं काे पांच नंबर अलग से देकर उनको नौकरी दे दी, अब उन बच्चों को सरकार निकाल रही है। ऐसे में 25 हजार युवा पूरे प्रदेश में बेरोजगार हो जाएंगे।
हर वर्ग हो रहा परेशान
उन्होंने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार से हर वर्ग परेशान हो रहा है। किसानों को समय पर पानी भी नहीं मिल रहा है। ऐसे में जिला महेंद्रगढ़ में किसानों के लिए खेती घाटे का सौदा बनती जा रही है, जबकि सरकार इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रही है। इस मौके पर जिला प्रवक्ता विजय छिलरो, पूर्व प्रवक्ता सिकंदर गहली, महेंद्रगढ़ हल्का प्रधान दिनेश तंवर, नांगल चौधरी के हल्का अध्यक्ष प्रमोद ताखर, नारनौल के सुरेंद्र पटीकरा व अटेली के हल्का अध्यक्ष वेदू राता तथा विरेंद्र घाटाशेर मौजूद रहे।