नारनौंद की दो कॉलोनियों में तोड़े मकान और दुकानें: जींद रोड पर अवैध कॉलोनियों पर कार्रवाई, सड़कें भी उखाड़ी – Narnaund News

जींद रोड पर कार्रवाई करते हुए विभाग की जेसीबी।
हिसार जिले के नारनौंद में जींद रोड पर पैट्रोल पंप के पास दो अवैध कॉलोनियों पर प्रशासन ने कार्रवाई की है। जिला योजनाकार विभाग को इन कॉलोनियों की जानकारी मिलने पर जांच की गई। जांच में पाया गया कि ये कॉलोनियां बिना अनुमति के बनाई जा रही थी।
.

अवैध मकान गिराते हुए जेसीबी।
नपा सचिव डयूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त
जिला योजनाकार अधिकारी दिनेश सिंह के नेतृत्व में की कार्रवाई में नगर पालिका सचिव प्रदीप कुमार को ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया। पुलिस बल की मौजूदगी में जेसीबी से निर्माणों को तोड़ा गया। साढ़े 5 एकड़ में फैली इन कॉलोनियों में से साढ़े तीन एकड़ की कॉलोनी सत्यनारायण मास्टर द्वारा और 2 एकड़ की कॉलोनी रमेश द्वारा काटी जा रही थी। पहली कॉलोनी में 4 मकान और सड़कें तोड़ी गई।

प्लॉट की दीवार गिराते हुए जेसीबी।
प्लॉटों की दीवारें भी गिराई
वहीं दूसरी कॉलोनी में कई दुकानें, एक मकान और प्लॉटों की दीवारें गिराई गई। डीटीपीओ दिनेश सिंह ने लोगों को सचेत किया है कि कॉलोनी में प्लॉट या मकान खरीदने से पहले जिला योजनाकार विभाग से जानकारी अवश्य लें। उन्होंने बताया कि कई कॉलोनाइजर लोगों को झांसा देकर प्लॉट बेच देते हैं। बाद में पता चलता है कि कॉलोनी अवैध है और नियमों के अनुसार निर्माण तोड़ने पड़ते हैं। विभाग ऐसी अवैध कॉलोनियों पर कार्रवाई जारी रखेगा।