नकली ज्वेलरी रख ढाई लाख की चेन ले गई महिला: तनिष्क शोरूम में ग्राहक बनकर आई थी, टैग काउंटर के नीचे फेंक फरार हुई ठग – Samastipur News
समस्तीपुर में तनिष्क शोरूम में एक महिला ग्राहक बनकर आई और गहनों के बीच नकली चेन रखकर करीब ढाई लाख रुपए की असली सोने की चेन लेकर फरार हो गई। असली चेन लेने के बाद आरोपी महिला गहनें पसंद नहीं आने की बात कहकर चली गई।
.
दुकान बंद करने से पहले जब कर्मी साफ-सफाई कर रहे थे, तभी फेंका हुआ टैग मिला। सीसीटीवी चेक करने के बाद अधेड़ महिला का कारनामा सबसे सामने आया। सब को धोखा देने के लिए महिला ने एक जैसे दिखने वाली दूसरी चेन गहनों के बीच रखा था। जिस कारण गहना दिखा रही महिला कर्मी भ्रमित हो गई।
शोरूम के मैनेजर ने थाने में आवेदन दिया
तनिष्क शोरूम के मैनेजर अनिरुद्ध कुमार सिंह ने देर शाम नगर थाना में एक आवेदन दिया गया है। साथ ही उन्होंने उक्त महिला का सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस को उपलब्ध कराया है। जिसमें महिला खरीदारी का बहाना बनाकर चेन गायब करती हुई दिख रही है।
ग्राहक बनकर आई महिला।
सोमवार दोपहर 2 बजे शोरूम में आई थी
आवेदन के अनुसार सोमवार दोपहर करीब 2:00 बजे एक महिला गहना खरीदने के लिए शोरूम में पहुंची थी। महिला को आरती कुमारी नामक महिला कर्मी सोने की चेन दिखा रही थी। इसी दौरान महिला ने मौका का फायदा उठाकर नकली सोने की चेन गहनों के बीच रख दिया और उनमें से करीब ढाई लाख रुपए की एक चेन बदल ली। महिला ने चेन का टैग तोड़कर काउंटर के नीचे फेंक दिया। इसके बाद महिला कुछ और गहने देखने के लिए फर्स्ट फ्लोर पर गई। गहना पसंद नहीं आने और बाद में आने की बात कह कर वह वहां से निकल गई।
बाद में दूसरी महिला कर्मी संगीता कुमारी ने काउंटर के नीचे टैग देखा। जिसके बाद छानबीन शुरू हुई तो पता चला कि महिला ने नकली सोने की चेन रख दी है। असली लेकर फरार हो गई है।
इसी महिला ने दिया घटना को अंजाम।
प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है
नगर थाना अध्यक्ष सह इंस्पेक्टर आशुतोष कुमार ने बताया कि तनिष्क शोरूम के मैनेजर ने आवेदन दिया है। सीसीटीवी फुटेज भी उपलब्ध कराया गया है। जिसमें महिला दिख रही है। पूरे मामले की जांच की जा रही है। महिला की पहचान की कोशिश की जा रही है। घटना को लेकर प्राथमिक की दर्ज कर ली गई है।