देश में 28% लोग जोड़-घटाना नहीं जानते: राजस्थान में 27%, MP में 22% लाेग गणित में कमजोर; नेशनल सैंपल सर्वे की रिपोर्ट जारी

नई दिल्ली12 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

इस सर्वे में 28 राज्यों और 8 केंद्रशासित क्षेत्रों के लगभग 3 लाख घरों और करीब 13 लाख लोग शामिल किए गए।
देश में 15 साल से ऊपर के 28% लोगों को साधारण वाक्य पढ़ना-लिखना और सामान्य जोड़-घटाना करना नहीं आता है। हालांकि, 15-24 वालों में यह आंकड़ा महज 3% है। नेशनल सैंपल सर्वे (एनएसएस) के व्यापक वार्षिक माॅड्यूलर सर्वे 2022-23 में यह तस्वीर सामने आई है।
इस सर्वे में 28 राज्यों और 8 केंद्रशासित क्षेत्रों के लगभग 3 लाख घरों और करीब 13 लाख लोग शामिल किए गए।
इसके मुताबिक, राजस्थान में 27% व मप्र में 22% लाेग साधारण जोड़-घटाना करने में सक्षम नहीं हैं। इस मामले में बिहार की स्थिति यूपी से बेहतर है। बिहार में 24% और यूपी में 25% लोगों की गणित कमजोर है। केरल में ऐसे महज 2% लोग हैं। देश में 6-10 साल वालों में गांवों में 91% और शहरों में 89% बच्चे स्कूलों में हैं।
परिवहन; बस-टैक्सी की उपलब्धता में गुजरात और ट्रेन में हरियाणा आगे
शहरों में परिवहन व्यवस्था कुछ ऐसी है कि 93.7% लोगों को घर से 500 मीटर के दायरे में ही बस-टैक्सी, कार, ऑटो जैसे लो-कैपिसिटी पब्लिक ट्रांसपोर्ट उपलब्ध हैं। हालांकि, हाई-कैपिसिटी पब्लिक ट्रांसपोर्ट यानी ट्रेन, मेट्रो आदि की बात करें तो 42% शहरी आबादी के ही एक किमी के दायरे में इसकी सुविधा है।
व्यापक वार्षिक माॅड्यूलर सर्वे 22-23 में ये आंकड़े दिए गए हैं। जिन राज्यों में ट्रेन-मेट्रो सुविधा आसपास मौजूद नहीं है, वहां निजी वाहन वालों की संख्या भी ज्यादा है। दिल्ली में 58.7% लोगों को 1 किमी में मेट्रो या ट्रेन उपलब्ध है, तो यहां निजी वाहन वाले 19% हैं। नगालैंड में 17% लोगों को आसपास मेट्रो या ट्रेन उपलब्ध है, यहां 32% के पास कार है।
इंटरनेट; 15 साल से ऊपर के 40% लोग इसका इस्तेमाल नहीं जानते हैं
देश में 95% लोगों के पास टेलीफोन या मोबाइल है। शहरों में यह आंकड़ा 97% व गांवों में 94% है। वहीं, देश में 10% घरों में कंप्यूटर है। शहरों में 22% और गांवों में 4% घरों में यह सुविधा है। देश में 15 साल से ऊपर के 60% लोग ही इंटरनेट का इस्तेमाल करना जानते हैं।
शहरों में आंकड़ा 74% और गांवों में 54% है। वहीं, देश में 38% लोग ऑनलाइन बैंकिंग के जरिए ट्रांजेक्शन करना जानते हैं। इस मामले में चंडीगढ़ 64% के साथ देश में सबसे आगे है, जबकि छत्तीसगढ़ 19% के साथ बहुत पीछे है। मप्र में 30% और राजस्थान में 38% लोग ऑनलाइन बैंकिंग जानते हैं। दक्षिण के राज्यों में तेलंगाना 62% के साथ सूची में सबसे ऊपर है।
———————————
नेशनल सैंपल सर्वे रिपोर्ट से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें…
शहरी इलाकों में बेरोजगारी दर घटकर 6.7% हुई, नेशनल सैंपल सर्वे ऑफिस ने जारी किए आंकड़े

देश के शहरी इलाकों में 15 साल और उससे ज्यादा उम्र के लोगों में बेरोजगारी दर में गिरावट दर्ज की गई है। 2024 की जनवरी-मार्च तिमाही में यह दर 6.7% रही, जबकि एक साल पहले इसी अवधि में यह 6.8% थी। देश के कुल लेबर फोर्स में बेरोजगार लोगों के प्रतिशत को बेरोजगारी दर कहा जाता है। पूरी खबर पढ़ें…