Published On: Fri, Nov 29th, 2024

दिल्‍ली में टूटा 5 साल का रिकॉर्ड, अब दिखेगा पश्चिमी विक्षोभ का असर



नई दिल्ली. सामान्य से अधिक गर्म महीना रहने का सिलसिला लगातार जारी है. इस साल नवंबर महीना पिछले 5 साल में सबसे गर्म रहा. दिन और रात का तापमान सबसे अधिक रहा. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के आंकड़ों के अनुसार, साल 2019 के बाद सबसे देरी से तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे गया है. साल 2019 में 1 दिसंबर को तापमान 10 डिग्री से नीचे गया था. नवंबर का औसत न्यूनतम तापमान 14.9 डिग्री सेल्सियस रहा, जो लॉन्‍ग पीरियड एवरेज (एलपीए) 13 डिग्री सेल्सियस से लगभग 2 डिग्री सेल्सियस अधिक है. इसी प्रकार औसत अधिकतम तापमान एलपीए से 1.1 डिग्री अधिक 29.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जो 2019 के बाद से सबसे गर्म नवंबर है.

न्यूनतम तापमान में तेज गिरावट 25 नवंबर को शुरू हुई, जब यह 14 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया. ठंडी उत्तर-पश्चिमी हवाओं तथा रात में साफ आसमान के कारण इसमें लगातार गिरावट आई. IMD के अनुसार, 26 नवंबर को न्यूनतम तापमान 11.9 डिग्री सेल्सियस, 27 नवंबर को 10.4 डिग्री सेल्सियस तथा 28 नवंबर को 10.1 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया था. शुक्रवार को इस मौसम में पहली बार तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया. मौसम की स्थिति के बारे में आईएमडी अधिकारियों ने कहा कि मौजूदा ठंड नवंबर के अंत में सामान्य स्थिति है, लेकिन बारिश और बर्फबारी की कमी के कारण इस मौसम में कुल मिलाकर सामान्य से अधिक गर्मी बनी हुई है.

साइक्‍लोन फेंजल: 90 KM की रफ्तार से भारत से टकराएगी तबाही, IMD का रेड अलर्ट, चेन्‍नई में 13 फ्लाइट कैंसल

पश्चिमी विक्षोभ का असर
मौसम विज्ञानियों ने बताया कि उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित करने वाले पश्चिमी विक्षोभ (वेस्‍टर्न डिस्‍टर्बेंस) के कारण वीकेंड में रात का तापमान में 1-2 डिग्री सेल्सियस की अस्थायी वृद्धि होने का अनुमान है. अगले सप्ताह की शुरुआत में उत्तरी पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी के कारण तापमान में कुछ और गिरावट आने का अनुमान है. बता दें कि अक्टूबर भी सामान्य से अधिक गर्म रहा था. दिल्ली में साल 1951 के बाद से इस वर्ष सबसे गर्म अक्टूबर महीना दर्ज किया गया, जिसमें दिन और रात दोनों का तापमान औसतन सामान्य से लगभग 2 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया.

कोहरे को लेकर अपडेट
आंकड़ों के अनुसार, अक्टूबर में औसत मासिक अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 35.1 डिग्री सेल्सियस और 21.2 डिग्री सेल्सियस था, जो 1951 में क्रमशः 36.2 डिग्री सेल्सियस और 22.3 डिग्री सेल्सियस के बाद सबसे अधिक था. मौसम विभाग ने शनिवार को हल्का कोहरा छाए रहने और अधिकतम और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस और 10 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान जताया है.

.



Source link

About the Author

-

Leave a comment

XHTML: You can use these html tags: <a href="" title=""> <abbr title=""> <acronym title=""> <b> <blockquote cite=""> <cite> <code> <del datetime=""> <em> <i> <q cite=""> <s> <strike> <strong>