दिल्ली में अगस्त की घनघोर बारिश, टूट गया 10 साल का रिकॉर्ड; कब हुई सबसे ज्यादा ?
अगस्त इस साल दिल्ली का सबसे ज्यादा बारिश वाला महीना रहा। अगस्त में हुई घनघोर बारिश ने पिछले 10 सालों का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) से मिली जानकारी के अनुसार, अगस्त महीने के 22 दिनों में अब तक 269.9 मिमी बारिश दर्ज की गई है। यह पिछले एक दशक में अगस्त महीने में रिकॉर्ड बारिश दर्ज की गई है। इससे पहले साल 2012 और 2013 में अगस्त महीने में दिल्ली में रिकॉर्ड बारिश दर्ज की गई थी। हालांकि, दिल्ली में अगस्त में सबसे ज्यादा बारिश का रिकॉर्ड 1961 के साल के नाम दर्ज है। आइये जानते हैं मौसम विभाग ने दिल्ली की बारिश को लेकर क्या-क्या बताया है।
भारतीय मौसम विभाग से मिले आंकड़ों के अनुसार, साल 2013 में अगस्त महीने में दिल्ली में 321 मिमी, जबकि 2012 में 378 मिमी बारिश हुई थी। मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में अगस्त माह में अब तक सबसे ज्यादा बारिश 1961 में हुई थी। तब पूरे अगस्त महीने में दिल्ली में 583.3 मिमी बारिश दर्ज की गई थी। इस दौरान मौसम विभाग का मानना है कि इस साल के अगस्त में हुई बारिश के आंकड़ों में अभी काफी वृद्धि देखने को मिल सकती है।