Published On: Sun, Aug 11th, 2024

दिल्ली के न्यू अशोक नगर में बदमाशों ने घर में घुसकर किया हमला, युवती समेत 5 घायल- VIDEO


ऐप पर पढ़ें

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के न्यू अशोक नगर इलाके में रविवार तड़के मुंह पर कपड़ा बांधे दर्जनों बदमाशों ने एक परिवार पर हमला कर दिया। लाठी डंडों से लैस बदमाशों ने केवल घर में मौजूद लोगों को बुरी तरह से मारा पीटा, वरन घर में तोड़फोड़ करते हुए घर के मुख्य द्वार का गेट तक उखाड़ दिया। वारदात के बाद हमले की एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है। पीड़िता का आरोप है कि उनके परिवार समेत उन पर ये हमला पारिवारिक संपत्ति विवाद में उनके बड़े पापा रामविलास, उनके बेटे प्रियांशु, चित्रांशु और बेटू ने करवाया है। पीड़िता 26 वर्षीय काजल की शिकायत पर न्यू अशोक नगर पुलिस ने उक्त आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और पूरे मामले की जांच कर रही है।

मामले में सामने आई सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि करीब 10 बदमाश मुंह पर कपड़ा बांधे लाठी-डंडों से लैस होकर पीड़ित के घर के बाहर आते हैं। देखते ही देखते आरोपी घर के गेट को तोड़ते हुए घर में घुस जाते हैं और अंदर मौजूद लोगों पर हमला कर देते हैं। हमले के दौरान पीड़ितों के चीख-पुकार की आवाज भी फुटेज में साफ सुनाई दे रही है। काफी देर तक पीड़ितों को बुरी तरह मारने पीटने के बाद आरोपी मौके से फरार हो जाते हैं। पीड़ितों ने बताया कि वारदात को देखकर स्थानीय लोगों ने पीसीआर कॉल मामले की सूचना पुलिस को दे दी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मौके की जांच की।

मिली जानकारी के मुताबिक, काजल के परिवार में पिता 52 वर्षीय विमल कुमार अग्रवाल, 44 वर्षीय माता सुनीता, 25 वर्षीय भाई अभिषेक, 17 वर्षीय बहन व 11 वर्षीय भाई हैं। पिता विमल एक ब्रेड कंपनी में आपूर्तिकर्ता का काम करते हैं। माता सुनीता गृहिणी हैं और अभिषेक प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं। अभिषेक ने बताया कि उनके ताऊ रामविलास और पिता के बीच संपत्ति को लेकर विवाद था जिसमें अदालत ने गत दो मार्च को फैसला इन लोगों के पक्ष में सुना दिया।

आरोप है कि इसके बाद इनके ताऊ ने नौ मार्च को पीड़ित परिवार पर हमला कराया और इसे लेकर कुछ न कुछ विवाद बना ही रहता था। आरोपियों ने हाल में गत चार अगस्त को नोएडा में इनके पिता पर हमला कराया था। हमले में वह बुरी तरह घायल हो गए और तीन दिनों तक अस्पताल में भर्ती रहे। उपचार के बाद गत सात अगस्त को उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिली थी। इसके बाद 11 अगस्त तड़के उन्होंने बदमाशों को भेजकर हमला करवा दिया। इस हमले में पिता विमल के अलावा मां सुनीता, बहन काजल, अभिषेक और 17 वर्षीय बहन को भी चोटें आई हैं।

इस घटना पर पूर्वी दिल्ली के पुलिस उपायुक्त अपूर्वा गुप्ता ने कहा- न्यू अशोक नगर थाने में झगड़े की पीसीआर कॉल मिली थी। सूचना पर पहुंचे जांच अधिकारी ने एलबीएस अस्पताल में पीड़िता काजल का बयान लिया। काजल ने पुलिस को बताया है कि करीब 10 बदमाश रविवार तड़के उनके घर में लाठी-डंडों के साथ घुस गए और उन्हें व परिजनों को बुरी तरह पीटने लगे। उन्होंने हमले में अपने ताऊ व उनके बेटों को पूरी वारदात का मास्टरमाइंड बताया है क्योंकि दोनों परिवारों के बीच संपत्ति का विवाद था। मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच की जा रही है।

.



Source link

About the Author

-

Leave a comment

XHTML: You can use these html tags: <a href="" title=""> <abbr title=""> <acronym title=""> <b> <blockquote cite=""> <cite> <code> <del datetime=""> <em> <i> <q cite=""> <s> <strike> <strong>