ड्राइवर के बेटे अभिषेक ने पाई SSC CGL में सफलता: SSC CGL परीक्षा पास कर रक्षा मंत्रालय में बने लेखा परीक्षक, बेंगलुरु में मिली पोस्टिंग – Bettiah (West Champaran) News

बेतिया के मझौलिया शुगर इंडस्ट्रीज में चालक पद पर कार्यरत श्याम किशोर चौरसिया के बेटे अभिषेक कुमार ने CGL परीक्षा में सफलता पाकर जिले का नाम रौशन किया है। अभिषेक का चयन रक्षा मंत्रालय में लेखा परीक्षक (Auditor) पद पर हुआ है।
.
उनकी पोस्टिंग बेंगलुरु में की गई है। जैसे ही उनके चयन की सूचना मिली, परिजनों सहित पूरा मझौलिया और बेतिया खुशी से झूम उठा। सोशल मीडिया पर उन्हें बधाई देने वालों की कतार लग गई।
ऑनलाइन पढ़ाई से शुरू किया सफर
अभिषेक ने इंटर तक की पढ़ाई मझौलिया से की। इसके बाद बेतिया और पटना में रहकर स्नातक की डिग्री हासिल की। आर्थिक सीमाओं के बावजूद उन्होंने ऑनलाइन माध्यम से SSC CGL की तैयारी की और 2024 में परीक्षा दी, जिसका परिणाम 2025 में आया। उनकी मेहनत रंग लाई और उन्होंने देश की प्रतिष्ठित केंद्रीय सेवा में अपना स्थान सुनिश्चित कर लिया।
क्रिकेट कमेंट्री भी रही उनकी पहचान
अभिषेक केवल पढ़ाई में ही मेधावी नहीं रहे, बल्कि वे एक अच्छे क्रिकेट कमेंटेटर के रूप में भी पहचाने जाते रहे हैं। खेल के प्रति उनकी रुचि और शब्दों की पकड़ ने स्थानीय आयोजनों में उन्हें खास बना दिया था।
परिवार की मेहनत रंग लाई
अभिषेक के पिता श्याम किशोर चौरसिया मूल रूप से अरेराज प्रखंड के पिपरा पंचायत स्थित गुराहा गांव के निवासी हैं और मझौलिया शुगर इंडस्ट्रीज में वर्षों से ड्राइवर के पद पर कार्यरत हैं।उनकी इस सफलता पर शुगर इंडस्ट्रीज के यूनिट हेड डॉ. जे.पी. त्रिपाठी और एजीएम (एचआर) रमाकांत मिश्र ने उन्हें बधाई दी और कहा कि,
“अभिषेक जैसे युवाओं की सफलता समाज के लिए प्रेरणा है। यह इस बात का उदाहरण है कि सीमित संसाधनों के बावजूद मजबूत इच्छाशक्ति और लगन से कोई भी ऊंचाई हासिल की जा सकती है।”
अब प्रेरणा हैं हजारों युवाओं के लिए
अभिषेक की यह उपलब्धि हजारों युवाओं के लिए प्रेरणास्त्रोत बन गई है। उन्होंने यह साबित कर दिया है कि सपनों को साकार करने के लिए संसाधनों से ज्यादा जरूरी आत्मविश्वास, अनुशासन और मेहनत होती है।