जाखल में गाय ने कई लोगों को किया घायल: डेढ़ घंटे की मशक्कत कर गोशाला पहुंचाया, वाहनों को मारी टक्कर – Jakhalmandi News

गाय को पकड़ते हुए गो रक्षा दल सदस्य।
फतेहाबाद जिले के गांव कुलां में एक गाय ने पिछले दो-तीन दिनों से आतंक मचा रखा था। गाय ने कई लोगों को सींग मारकर घायल कर दिया। बुधवार सुबह भी एक राहगीर को चपेट में लेकर घायल कर दिया। घायल व्यक्ति को टोहाना के अस्पताल में भर्ती कराया गया।
.
गो रक्षा दल सदस्यों ने पकड़ा
जानकारी के अनुसार गाय ने गली और सड़क किनारे खड़े कई वाहनों को भी टक्कर मारकर नुकसान पहुंचाया। सूचना मिलने पर गौ रक्षा दल हरियाणा के जोन अध्यक्ष राजेंद्र काला मौके पर पहुंचे। उन्होंने कुलां के ग्रामीणों के साथ मिलकर गाय को पकड़ने का प्रयास किया। गाय को पकड़ने में ग्रामीणों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। जब भी कोई गाय के पास जाता, वह उस पर हमला कर देती थी।
ग्रामीणों ने राहत की सांस ली
करीब डेढ़ घंटे तक गाय ने ग्रामीणों को परेशान किया। अंत में ट्रैक्टर की मदद से गाय को काबू किया गया। गाय को धारसूल गोशाला में ले जाया गया, जहां उसका इलाज किया जाएगा। गाय के गोशाला पहुंचने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।