जमुई में पंचायत भवन निर्माण में लगे मजदूर की मौत: परिजनों ने जताई हत्या की आशंका, बोले-ठेकेदार ने बिना सूचना दिए भिजवाया शव – Jamui News

जमुई के लछुआड़ थाना क्षेत्र के आजादनगर में पंचायत भवन निर्माण में कार्यरत एक मजदूर की मौत हो गई। मृतक की पहचान सोनो थाना क्षेत्र के हरीडीह गांव निवासी दामोदर यादव (55) के रूप में हुई है। वह पिछले 15 दिनों से यहां मजदूरी कर रहे थे।
.
मृतक के दामाद दिनेश यादव ने बताया कि ठेकेदार ने बिना सूचना दिए शव को घर भिजवा दिया। उन्होंने कहा कि ठेकेदार ने मृतक को अस्पताल ले जाने का कोई सबूत नहीं दिया है। जिसके बाद मृतक की पत्नी नूनेश्वरी देवी ने लछुआड़ थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने अपने पति की हत्या की आशंका जताई है।
पहले से बीमार था मजदूर
लछुआड़ थाना अध्यक्ष उपेंद्र कुमार पाठक ने बताया कि मजदूर रात से बीमार था। सुबह उसकी तबीयत बिगड़ने पर उसे गांव के एक अन्य मजदूर द्वारा सिकंदरा अस्पताल में भर्ती कराया गया। चिकित्सक ने स्थिति गंभीर देखते हुए जमुई सदर अस्पताल रेफर कर दिया। रास्ते में ही उनकी मृत्यु हो गई।
नहीं हुई मारपीट
मुंशी अनिल मंडल का कहना है कि मृतक के साथ किसी प्रकार की मारपीट नहीं हुई थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है और मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी है।