छत्तीसगढ़ में नक्सलियों ने IED ब्लास्ट से पुलिस ट्रक उड़ाया: 2 जवान शहीद, बीजापुर-सुकमा बॉर्डर पर हमला; 6 माह में 7 की शहादत – Chhattisgarh News
नक्सलियों ने आईईडी ब्लास्ट कर जवानों का ट्रक उड़ा दिया। इसमें 2 जवान शहीद हो गए हैं।
छत्तीसगढ़ के सुकमा और बीजापुर बॉर्डर पर रविवार को नक्सलियों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। सिलगेर और टेकलगुडम के बीच नक्सलियों ने पुलिस फोर्स के ट्रक को IED ब्लास्ट कर उड़ा दिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इस ब्लास्ट में दो जवान शहीद हो गए।
.
जानकारी के अनुसार, जगरगुंडा क्षेत्र स्थित सिलगेर कैंप से 201 कोबरा वाहिनी के जवानों का मूवमेंट ROP (रोड ओपनिंग ड्यूटी) के दौरान ट्रक और बाइक से टेकलगुडेम की ओर था। वहां रास्ते में नक्सलियों ने IED प्लांट कर रखा था। बताया जा रहा है कि दोपहर करीब 3 बजे जैसे ही जवानों से भरा ट्रक वहां से निकला, IED की चपेट में आ गया।
ब्लास्ट के चलते ट्रक का चालक जवान विष्णु आर और सह चालक जवान शैलेंद्र शहीद हो गए। बाकी जवान सुरक्षित बताए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि ये जवान राशन लेकर जवान कैंप जा रहे थे। टेकलगुडम और इससे आगे का पूवर्ती इलाका नक्सली कमांडर हिड़मा और देवा का गढ़ है। कुछ ही महीने पहले यहां सुरक्षाबलों का कैंप स्थापित किया गया है।
बीजापुर में IED ब्लास्ट में थाना प्रभारी की कार के अगले हिस्से को पहुंचा नुकसान। वहीं नक्सलियों का बिछाया IED कमांड के लिए वायर बरामद किया गया।
महीने भर पहले थानेदार की गाड़ी आई थी IED ब्लास्ट की चपेट में
करीब महीना भर पहले बीजापुर जिले में थाना प्रभारी की गाड़ी नक्सलियों के लगाए IED की चपेट में आ गई थी। फरसेगढ़ थाना प्रभारी आकाश मसीह अपने एक जवान के साथ शासकीय काम से बीजापुर आ रहे थे। इसी दौरान नक्सलियों ने फरसेगढ़ और रानीबोदली गांव के बीच कमांड IED ब्लास्ट कर दिया। हालांकि, इस घटना में थाना प्रभारी आकाश मसीह और जवान दोनों सुरक्षित हैं। वाहन के अगले हिस्से को नुकसान पहुंचा था। पूरी खबर पढ़ें…
छह माह में 141 नक्सली मारे गए, 7 जवान हुए शहीद
इस साल जनवरी से 23 जून तक बस्तर संभाग में जवानों ने 141 नक्सलियों को ढेर किया है। जबकि कई नक्सली घायल हुए हैं। इस दौरान 7 जवान भी शहीद हुए हैं। इसके अलावा नक्सलियों ने कई बार जवानों और उनके कैंप को भी निशाना बनाने का प्रयास किया।
इस दौरान 3 बड़ी मुठभेड़, 3 बड़े हमले
- अबूझमाड़ में 15 जून को 8 नक्सली ढेर, जवान शहीद 2 घायल
छत्तीसगढ़-महाराष्ट्र की सीमा पर नारायणपुर के अबूझमाड़ के कुतुल इलाके में पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई। एनकाउंटर में शनिवार को जवानों ने 8 माओवादियों को ढेर कर दिया है। सभी के शव बरामद कर लिए गए हैं। इस मुठभेड़ में STF के 1 जवान नितिश एक्का शहीद हो गए। पूरी खबर पढ़िए..
- नारायणपुर में 5 जून को सुरक्षाबलों के कैंप पर नक्सलियों का हमला
नारायणपुर जिले के इरकभट्टी कैंप पर नक्सलियों ने हमला किया है। बताया जा रहा है कि नक्सलियों ने जंगल की तरफ से कैंप पर कुल 4 BGL दागे हैं, जिसमें एक BGL मौके पर ही फटा। कैंप के जवान सुरक्षित हैं। जवाबी कार्रवाई में नक्सली मौके से भाग निकले। इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। पूरी खबर पढ़िए..
- 29 अप्रैल को नारायणपुर में 10 नक्सली हुए थे ढेर
छत्तीसगढ़-महाराष्ट्र बॉर्डर पर नारायणपुर के अबूझमाड़ इलाके में 29 अप्रैल की सुबह DRG और STF के जवानों के साथ हुई मुठभेड़ में जिसमें 63 लाख के 10 नक्सली मारे गए थे। इनमें 3 महिला माओवादी शामिल थीं। बाद में सभी शवों की पहचान भी हो गई थी। घटनास्थल से एक AK-47 समेत भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक बरामद हुआ था। पूरी खबर पढ़िए…
- कांकेर मुठभेड़ में मारे गए थे 29 नक्सली
15 अप्रैल को कांकेर जिले के माड़ इलाके में सुरक्षाबलों ने 29 नक्सलियों को मार गिराया था। इनमें नक्सली लीडर शंकर राव भी शामिल था। मुठभेड़ में BSF इंस्पेक्टर रमेश चौधरी सहित 3 जवान घायल हुए। उस दौरान मौके से 5 AK-47 बरामद की गईं थी। मुठभेड़ के वक्त नक्सली दोपहर का खाना खाकर बेफिक्र होकर बैठे थे। यह नक्सलियों के खिलाफ सबसे बड़ा सफल ऑपरेशन था। पूरी खबर पढ़िए…
- 25 फरवरी : बीजापुर जिले के बेचापाल इलाके में IED की चपेट में आने CAF जवान राम आशीष यादव शहीद हो गए थे।
- फरवरी : पुलिस ने टेकलगुडम में कैंप स्थापित किया था। यहां जवानों पर नक्सलियों ने हमला किया था जिसमें 3 जवान शहीद हुए थे। 2 नक्सलियों को भी मारा गया था।
इससे संबंधित ये खबरें भी पढ़ें…
छत्तीसगढ़ में नक्सली हमले का लाइव VIDEO:कैंप पर माओवादियों ने दागे BGL; बाल-बाल बचे जवान, दोनों तरफ से जमकर हुई गोलीबारी
नारायणपुर में सुरक्षाबलों के कैंप पर नक्सलियों के हमले का वीडियो।
छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में 2 दिन पहले नक्सलियों ने सुरक्षाबलों के कैंप पर हमला किया था, जिसका अब एक वीडियो वायरल हो रहा है। इस वीडियो में जवान हाथ में हथियार पकड़े इधर-उधर भागकर मोर्चा संभालते नजर आ रहे हैं। नक्सलियों ने जवानों पर BGL दागे, जिसमें एक जवान बाल-बाल बचा। पूरी खबर पढ़ें…
छत्तीसगढ़ में सुरक्षाबलों ने 12 नक्सलियों को मार गिराया:बीजापुर मुठभेड़ में 2 जवान भी घायल; पिछले 131 दिन में 103 नक्सली ढेर
बीजापुर-दंतेवाड़ा के जगरगुंडा इलाके में फोर्स सर्चिंग करते हुए। (फाइल फोटो)
छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में शुक्रवार सुबह से चल रही मुठभेड़ खत्म हो गई है। सुरक्षाबलों ने 12 नक्सलियों को मार गिराया है। सभी के शव भी बरामद कर लिए गए हैं। मौके से BGL, बंदूक, नक्सल वर्दी, पिट्ठू, दवाइयां, और विस्फोटक मिले हैं। वहीं मुठभेड़ के दौरान STF और DRG के दो जवान भी घायल हुए हैं। इस साल जनवरी से अब तक 131 दिन में जवानों ने 103 नक्सली ढेर किए हैं। पूरी खबर पढ़ें…