Published On: Sat, Aug 24th, 2024

गेमिंग ऐप से दोस्ती, शादी का वादा करके अपहरण; 15 दिन बाद पटियाला में मिली दिल्ली की लड़की


दिल्ली पुलिस ने वसंत कुंज से गायब हुई 16 साल की लड़की को पंजाब के पटियाला से बरामद कर लिया है। वह दक्षिण दिल्ली स्थित घर से 15 दिन पहले गायब हो गई थी। उसे बुधवार को पंजाब के पटियाला की एक फैक्ट्री से रेस्क्यू किया और गुरुवार को 20 साल के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी ने शादी का झांसा देकर किशोरी का अपहरण किया था। पुलिस अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि उसने कथित तौर पर एक गेमिंग ऐप के जरिए लड़की से दोस्ती की थी।

पुलिस ने बताया कि लड़की के परिवार ने लोकल पुलिस से संपर्क किया और 6 अगस्त को उसके लापता होने की शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद वसंत कुंज उत्तर पुलिस स्टेशन में अपहरण का मामला दर्ज किया गया। लड़की को ढूंढने की कार्रवाई दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच की एंटी ह्यूमन ट्रैफिक यूनिट (एएचटीयू) द्वारा की गई। पुलिस ने बताया कि जब किशोरी आरोपी की कस्टडी में थी तब उसने उसका यौन शोषण किया। आरोपी युवक उत्तर प्रदेश के हरदोई का मूल निवासी है।

आरोपी से शुरुआती पूछताछ में पता चला कि वह पहले भी इसी तरह के अपराधों में शामिल रहा है। कुछ महीने पहले, उसने कथित तौर पर उसी मल्टी-प्लेयर गेमिंग एप्लीकेशन के जरिए यूपी की एक और लड़की से दोस्ती करने के बाद उसे अपने जाल में फंसाया था। वह उसे भी पंजाब ले गया था। हालांकि यूपी पुलिस ने उसे सुरक्षित बचा लिया था। पुलिस अधिकारी ने कहा, आरोपी ने दावा किया है कि उसे उस मामले में गिरफ्तार नहीं किया गया था क्योंकि लड़की के पैरेंट्स ने केस दर्ज नहीं किया।

अधिकारी ने बताया कि बचाई गई लड़की और उस व्यक्ति की कस्टडी वसंत कुंज नॉर्थ पुलिस स्टेशन को दे दी गई है, जो मामले की जांच कर रही है। नाबालिग लड़की के परिवार की शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(2) (अपहरण) के तहत 6 अगस्त को दर्ज की गई एफआईआर में यौन उत्पीड़न के आरोप जोड़े जा सकते हैं। केस से अवगत एक अन्य पुलिस अधिकारी ने बताया कि लड़की वसंत कुंज में अपने परिवार के साथ रहती है और उसके माता-पिता मजदूर हैं।

पुलिस अधिकारी ने बताया, ‘जांचकर्ताओं ने उसके फोन के कॉल रिकॉर्ड को स्कैन किया और पाया कि वह हरदोई के एक व्यक्ति के साथ लगातार संपर्क में थी। आगे की तकनीकी जांच से पता चला कि वह दोनों पटियाला में हैं। एएचटीयू की एक टीम पटियाला गई और एक प्लास्टिक दाना बनाने वाली फैक्ट्री पर छापा मारा और लड़की को बचा लिया। वह उस व्यक्ति के साथ वहां रह रही थी। लड़की ने टीम के सदस्यों को बताया कि उसने आरोपी से शादी करने के लिए अपना घर छोड़ दिया। दोनों कुछ हफ्ते पहले उत्तर प्रदेश में मिले थे, जहां लड़की अपने परिवार के साथ एक पारिवारिक समारोह में शामिल होने के लिए गई थी।’

.



Source link

About the Author

-

Leave a comment

XHTML: You can use these html tags: <a href="" title=""> <abbr title=""> <acronym title=""> <b> <blockquote cite=""> <cite> <code> <del datetime=""> <em> <i> <q cite=""> <s> <strike> <strong>