गुरुग्राम में महिला से छेड़छाड़ पर बवाल: दो पक्षों में चले लाठी-डंडे; महिलाओं समेत 6 घायल, विरोध करने पर दी थी धमकी – gurugram News

गुरुग्राम के खेड़की दौला में झगड़े के दौरान महिलाओं ने लाठियां उठाई।
गुरुग्राम जिले के खेड़की दौला इलाके में एक महिला के साथ छेड़छाड़ की घटना में दो पक्षों में हिंसक झड़प हो गई। इस संघर्ष में लाठियों का जमकर इस्तेमाल हुआ, जिसमें 6 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
.
मामला तब शुरू हुआ एक महिला के साथ पड़ोसी द्वारा कथित तौर पर छेड़छाड़ की गई। पीड़िता ने बताया कि कुछ असामाजिक तत्वों ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया और धमकी दी। महिला ने जब इसका विरोध किया तो आरोपी पक्ष के लोग झगड़े पर उतर आए। उन्होंने उस पर हमला कर दिया।

गुरुग्राम के खेड़की दौला में छेड़छाड़ के बाद हुए झगड़े में लाठियां बरसाती महिलाओं को रोकते पुरुष।
झगड़े का वीडियो आया सामने
इस बीच महिला के परिजनों और स्थानीय महिलाओं ने मामले को अपने हाथ में ले लिया। दोनों तरफ की महिलाओं ने लाठियां उठाई और आपस में भिड़ गईं। झगड़े का एक वीडियो भी सामने आया है। जिसमें महिलाएं लाठियां बरसाती नजर आ रही हैं। दोनों पक्षों के बीच शुरू हुआ विवाद जल्द ही हिंसक संघर्ष में बदल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों गुटों ने एक-दूसरे पर लाठियों और हथियारों से हमला किया। इस दौरान 6 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें महिलाएं भी शामिल हैं। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
पुलिस मामले की जांच कर रही
सूचना के बाद मौके पर पहुंचकर पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया। पीड़ित महिला की शिकायत लेकर पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस द्वारा हिंसक झड़प में शामिल लोगों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। हालांकि अभी मामला दर्ज नहीं हुआ है।