कुरुक्षेत्र में जोहड़ में डूबकर बुजुर्ग की मौत: मछलियों को आटा डालने आए; 9 घंटे बाद शव मिला; किनारे मिली चप्पल – Kurukshetra News

जोहड़ के किनारे जमा लोगों की भीड़।
कुरुक्षेत्र के लाडवा में जोहड़ में गिरने से 70 साल के बुजुर्ग की मौत हो गई। बुजुर्ग मछलियों को आटा डालने के लिए जोहड़ पर आए थे। घटना बुधवार सुबह करीब 10 बजे की है। पुलिस ने गोताखोर प्रगट सिंह और स्टेट डिजास्टर रिस्पांस फोर्स (SDRF) की मदद से रेस्क्यू
.
जानकारी के मुताबिक, लाडवा के दबखेड़ा गांव के पूर्ण सिंह गांव के जोहड़ पर सुबह करीब 10 बजे मछलियों को आटा डालने के लिए आए थे। शाम तक भी पूर्ण सिंह घर नहीं पहुंचे तो परिजनों को चिंता हुई और उनकी तलाश शुरू कर दी। गांव में CCTV फुटेज खंगाली गई तो पूर्ण सिंह गांव से बाहर जाते हुए नहीं दिखाई दिए।

मौके पर खड़ी एम्बुलेंस और डायल-112 की गाड़ी।
जोहड़ किनारे मिली चप्पल
इस दौरान जोहड़ के किनारे उनकी चप्पल पड़ी मिली। परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और गोताखोर प्रगट सिंह व SDRF की टीम को बुलाकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। काफी तलाश करने के बाद भी पूर्ण सिंह का कोई सुराग नहीं लग पाया। बाद में गोताखोर प्रगट सिंह ने जोहड़ के दूसरे किनारे से तलाश शुरू की। करीब 9 घंटे बाद जोहड़ के दूसरे किनारे पूर्ण सिंह का शव बरामद हुआ।
आज होगा पोस्टमॉर्टम
थाना लाडवा के SHO सुनील वत्स ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पहचान करवाई और शव को LNJP अस्पताल की मॉर्चरी में रखवा दिया। परिजनों के बयान दर्ज किए गए हैं। आज वीरवार को शव का पोस्टमॉर्टम करवाकर परिजनों के हवाले कर दिया जाएगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।