किसने और क्यों की मुकेश सहनी के पिता की हत्या? मंत्री मदन सहनी का बड़ा दावा
![](https://net4newsonline.in/wp-content/uploads/2024/05/ad6-min.jpg)
ऐप पर पढ़ें
बिहार के दरभंगा में पूर्व मंत्री और वीआईपी प्रमुख मुकेश सहनी के पिता की निर्मम तरीके से हत्या कर दी गई। उनकी हत्या घर में घुसकर की गई। पुलिस का कहना है कि धारदार हथियार से उनपर कई वार किए गए। जीतन सहनी का शव घर में एक गद्दे पर क्षत-विक्षत हालत में मिला। हत्या की पुष्टि सबसे पहले पुलिस की ओर से की गई। इसके बाद समाज कल्याण मंत्री मदन सहनी ने इसकी पुष्टि की और कहा कि उनका ससुराल मुकेश सहनी के पैतृक आवास के पास ही है और उन्हें ससुराल से इसकी जानकारी मिली। मदन सहनी ने ये भी बताया कि हत्या किसने और क्यों की हो सकती है।
मदन सहनी ने कहा कि जहां हत्या हुई वहां मेरा ससुराल है। ससुराल से फोन आया कि ऐसी घटना घटी है। कई लोगों ने फोन कर घटना की पुष्टि की। अभी हम पटना है अब दरभंगा के लिए निकल रहे हैं। वहां पहुंचने के बाद घटना की विस्तार से जानकारी दी जाएगी। इसके बाद मदन सहनी ने दावा करते हुए कहा कि निश्चित रूप से ये घटना अगल-बगल के लोगों द्वारा ही की गई है। कारण अभी नहीं पता चला है। जीतन सहनी का कोई बड़ा व्यवसाय नहीं है कि जिससे कोई बाहरी व्यक्ति ये काम करे। ये अगल-बगल के लोगों का काम है और पुलिस जल्द उन्हें पकड़ेगी। इस घटना के पीछे कोई बड़ा कारण नहीं है। बाहर के लोगों से उनका कोई संबंध या संपर्क नहीं है। राजनीति या किसी कारोबार से उनका कोई संबंध नहीं है। इसलिए ये अगल-बगल के लोगों का काम ही होगा। जितना हम उनके और उनके परिवार के बारे में जानते हैं तो ये अलग-बगल का कोई आपसी विवाद ही हो सकता है।
Mukesh Sahani Father Murder Live: मुकेश सहनी के पिता की हत्या, जांच के लिए एसआईटी का गठन
मदन सहनी ने बताया कि मुकेश सहनी के पिता जीतन सहनी निर्माणाधीन मकान में अकेले रहते थे। मुकेश सहनी कभी पटना या कभी मुंबई रहते हैं। उनका पिता के पास आना-जाना लगा रहता है। परिवार से अन्य कोई नहीं है जो यहां रहता हो केवल मुकेश सहनी के पिता ही रहते थे। मदन सहनी का कहना है कि पुलिस को आरोपियों को पकड़ने में ज्यादा समय नहीं लगेगा क्योंकि ये करने वाला कोई बाहरी या कोई बड़ा क्रिमिनल नहीं होगा। हत्या के पीछे कोई आपसी मतभेद का ही कारण होगा। उन्हें बहुत क्रूरता से मारा गया है। हालांकि सही कारण अभी नहीं पता चला है लेकिन जल्द पता चल जाएगा। बता दें कि जीतन सहनी की हत्या के मामले में जांच के लिए एसआईटी का गठन किया गया है। फॉरेंसिक की टीम मौके से साक्ष्य जमा कर रही है।