किराए पर बैंक खाता देकर लाखों कमा रहा था बेतिया का लड़का, दिल्ली से आकर उठा ले गई पुलिस

ऐप पर पढ़ें
बिहार के एक लड़के ने रुपये कमाने के लिए फ्रॉड का एक नया तरीका निकाला। यह लड़का अपना बैंक अकाउंट बेचकर लाखो रुपये कमा रहा था। दरअसल युवक ने अपने दोस्तों को अपनी बैंक डीटेल्स दे रखी थी। उसके दोस्त अलग-अलग जगह से कई तरह से ठगी करते थे और ठगी का रुपया उसके अकाउंट में मंगवाते थे। इस काम के लिए उसके दोस्त उसे मोटी रकम देते थे। पुलिस को जब उसके इस कारनामें की भनक लगी तो सब दंग रह गए, लेकिन तब तक उसने ठगी के जरिए मोटी रकम कमा ली थी।
उसके दोस्त बिमारी का बहाना बनाकर सोशल मीडिया पर भावुक पोस्ट लिखते थे। फिर लोगों के साथ इमोशनली खेलते थे और उनसे पैसे ऐंठ लेते थे। इस घटना से जुड़ा एक मामला दिल्ली पुलिस ने बताया। 6 महीने पहले एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई थी। उसके साथ इसी तरह 3 लाख रुपये ठग लिए गए थे। महिला ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट देखी जिसमें एक बीमार शख्स के इलाज के लिए पैसे जुटाने की बात कही गई थी। महिला ने भावुक होकर 3 दिसंबर को 3 लाख रुपये उसके बताए खाते में डाल दिए। इसके बाद उन लोगों ने बात करना बंद कर दिया।
महिला इस घटना से आहत थी। उसने अपने साथ हुए फ्रॉड की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई। दिल्ली पुलिस ने घटना पर तुरंत एक्शन लिया और मामले की तह तक जाने के लिए उस खाते को खंगालना शुरू कर दिया। पता चला कि इस खाते में अलग-अलग खातों से करीब 36 लाख रुपये मंगाए गए थे। इसके बाद पुलिस ने छापा मारने शुरू किए। अंत में बिहार के बेतिया से रोशन कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया। फिर पूछताछ में रोशन ने जो बताया उसे सुन हर कोई हैरान रह गया।
रोशन ने पूछताछ में बताया कि उसने अपने दोस्त शिवेंद्र कुमार को अपने बैंक अकाउंट की डीटेल्स दे रखी थी। इसके बदले में शिवेंद्र उसे हर महीने तय कमीशन दे देता था और इस तरह उसके पकड़े जाने से पहले तक सब-कुछ ठीक चल रहा था। इस तरह उसका लालच बढ़ता ही चला गया और फिर उसने अन्य लोगों को भी अपने खाते की डीटेल्स बेच दी। बाद में उसने मंटू ठाकुर और विकास ठाकुर को अपनी बैंक डीटेल्स दी थीं। इस तरह पुलिस ने रोशन के द्वारा बताए गए लोगों को पकड़ना शुरू कर दिया। धीरे-धीरे पुलिस ने शिवेंद्र कुमार, तुषार कर्मकार, सागर कर्मकार, राहुल पात्रो और राजू पात्रो को दबोच लिया है। आगे भी धरपकड़ जारी है।