‘आपका विधायक-आपके द्वार अभियान शुरू

नई दिल्ली, प्रमुख संवाददाता। दिल्ली में होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी आम आदमी पार्टी ने रविवार से ‘आपका विधायक-आपके द्वार अभियान की शुरुआत की। पहले दिन शालीमार बाग, बवाना, पालम, महरौली, सुल्तानपुरी, ब्रिजवास, कोंडली, विकासपुरी, मादीपुर, तिमारपुर मंडल में विधायकों ने बैठक कर जनता से संवाद किया। इसमें एक तरफ सरकार की ओर से किए गए कार्यों की जानकारी दी गई तो वहीं उनकी समस्याएं भी सुनी गई। आप के वरिष्ठ नेता दिलीप पांडे ने बताया कि आम आदमी पार्टी ने विधानसभा चुनाव की तैयारियों को गति देने के लिए यह अभियान शुरू किया है। इसका उद्देश्य दिल्ली की जनता से संवाद कर उन्हें सरकार द्वारा पिछले पांच वर्षों में किए गए कार्यों की जानकारी देना है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी में ‘मंडल उन मतदान केंद्रों या उन स्कूलों को कहा जाता है, जहां वोट डाले जाते हैं। इसके तहत आठ से 10 बूथ आते हैं। चुनावी अभियान के तहत उनके विधायक लोगों के बीच जाकर पार्टी द्वारा किए गए कार्यों की जानकारी मंडल स्तर पर लोगों को दे रहे हैं। सभी 2800 मंडलों में इन बैठकों की प्रक्रिया अगले एक महीने में पूरी कर ली जाएगी। जहां उनके विधायक नहीं हैं, वहां संगठन के कार्यकर्ता ‘आपकी सरकार-आपके द्वार बैनर तले जनता से संवाद करेंगे। आम आदमी पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष कुलदीप कुमार ने कहा कि इस अभियान के माध्यम से पार्टी जनता की समस्याएं भी सुन रही है।