आज से शीतकालीन सत्र की शुरुआत: लैंड सर्वे और स्मार्ट मीटर पर सरकार को घेरेगा विपक्ष; सदन में रखा जाएगा सप्लीमेंट्री बजट – Patna News

बिहार विधानसभा का शीतकालीन सत्र आज यानी सोमवार से शुरू हो रहा है। पहले दिन विधानमंडल का जॉइंट सेशन सुबह 11:30 बजे से शुरू होगा। राज्यपाल के अभिभाषण के बाद नवनिर्वाचित विधायकों को शपथ दिलाई जाएगी। इसके साथ ही सप्लीमेंट्री बजट 2025-25 सदन के पटल पर रखा
.
शीतकालीन सत्र 29 नवंबर तक चलेगा। इस दौरान कुल पांच बैठकें होंगी।
4 विधायक लेंगे शपथ
4 विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव में चारों ही सीटों पर NDA ने जीत दर्ज की है। इमामगंज में केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी की बहू दीपा मांझी, तरारी से बाहुबली सुनील पांडे के बेटे विशाल प्रशांत, बेलागंज से मनोरमा देवी और रामगढ़ से अशोक सिंह ने महागठबंधन को हराया है। चारों नवनिर्वाचित विधायकों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई जाएगी।
सरकार को घेरने की तैयारी में विपक्ष
शीतकालीन सत्र के हंगामेदार रहने की संभावना है। सदन के अंदर और बाहर विपक्षी पार्टियां राजद, कांग्रेस और माले की ओर से जहरीली शराब से मौत, स्कूलों की टाइमिंग, स्मार्ट मीटर और लैंड सर्वे जैसे मुद्दे उठाएगी। इसके साथ ही जातिगत गणना पर विपक्ष एकजुट है। बिहार में 65 फीसदी आरक्षण को 9वीं अनुसूची में शामिल कराने को लेकर डबल इंजन की सरकार पर दबाव बना रही है। इस मामले को लेकर भी हंगामा होने की संभावना है।
जनता से जुड़े मुद्दे उठाएंगे
राजद विधायक राकेश रौशन ने बताया कि ‘स्मार्ट मीटर के बहाने अडाणी को फायदा पहुंचाया जा रहा है। बिजली विभाग की ओर से घरों में जबरन लगाया जा रहा है। लैंड सर्वे से भी किसान परेशान हैं। इस मुद्दे को सदन में उठाएंगे।’
विधान मंडल का कार्यक्रम
25 नवंबर: पहले दिन नवनिर्वाचित विधायकों को शपथ दिलाई जाएगी। सप्लीमेंट्री बजट सदन के पटल पर रखा जाएगा।
26 नवंबर: बिहार सरकार गैर सरकारी संकल्प लेकर आएगी।
27-28 नवंबर: सत्र के तीसरे और चौथे दिन राजकीय विधेयक पेश किए जाएंगे।
29 नवंबर- शीतकालीन सत्र के आखिरी दिन 2024-25 के सेकेंड सप्लीमेंट्री बजट पर चर्चा होगी। इसी दिन विनियोग विधेयक पेश किए जाएंगे। फिर सदन की कार्यवाही अनिश्चितकालीन के लिए स्थगित कर दी जाएगी।

जदयू प्रवक्ता नीरज कुमार और राजद प्रवक्ता एजाज अहमद।
नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी पर जदयू हमलावर
विधानमंडल के शीतकालीन सत्र से पहले ही आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। जदयू के मुख्य प्रवक्ता और एमएलसी नीरज कुमार ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि ‘बिहार विधानसभा उपचुनाव में महागठबंधन की हार के बाद तेजस्वी यादव सदन में नजर नहीं आएंगे। सदन में नहीं आना भी एक प्रकार का ‘कर्तव्य घोटाला’ है।’
वहीं, नीरज कुमार के बयान पर राजद प्रवक्ता एजाज अहमद ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि ‘नीरज कुमार को मानहानि का नोटिस भेजा गया है। उसके संबंध में उनकी क्या सोच है। अपने जुमलेबाजी से जनता को भ्रम में नहीं डाल सकते हैं। तेजस्वी यादव अपनी कर्तव्य को ईमानदारी निभा रहे हैं।’