आज से राजगीर महोत्सव, सिंगर जुबिन नौटियाल पहुंचेंगे: 23 दिसंबर तक होंगी कई प्रतियोगिताएं, युवाओं के लिए इनडोर और आउटडोर खेल भी होगा – Nalanda News

आज से राजगीर महोत्सव 2024 की शुरुआत होगी। स्टेट गेस्ट हाउस मैदान में 21 से 23 दिसंबर तक महोत्सव का आयोजन होगा। जिसमें सांस्कृतिक कार्यक्रम से लेकर खेल प्रतियोगिताएं होंगी। तीन दिवसीय कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार करेंगे।
.
आज शाम प्रसिद्ध सिंगर जुबिन नौटियाल आएंगे। कल सिंगर अरुणिता और पवनदीप पहुंचेंगे। तीसरे दिन यानी 23 दिसंबर को लोकगीत गायिका मैथिली ठाकुर अपनी प्रस्तुति देंगी।
स्थानीय कलाकारों को भी मंच दिया जाएगा, जो दोपहर 2 से 4 बजे तक अपनी प्रतिभा दिखाएंगे।
इस वर्ष का विशेष आकर्षण “जहां नारी, वहां विजय” थीम पर आधारित महिला महोत्सव है। जिसमें नृत्य, गायन, क्विज, कुकिंग, फैंसी ड्रेस जैसी प्रतियोगिताएं होंगी। खेल जगत में युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए कबड्डी, खो-खो, क्रिकेट जैसे आउटडोर खेलों के साथ कराटे, वुशु और ताईक्वांडो जैसे इनडोर खेल भी होंगे।

महोत्सव की तैयारी पूरी हो चुकी है, लोगों के बैठने लिए लगाई गई कुर्सिंया।
जानें महोत्सव और क्या-क्या कार्यक्रम होंगे
ग्राम श्री मेला में जुटेंगे शिल्पकार
महोत्सव का एक विशेष आकर्षण ग्राम श्री मेला होगा, जो 21 से 27 दिसंबर तक चलेगा। इसमें देश भर के शिल्पकार अपने पारंपरिक उत्पादों का प्रदर्शन करेंगे। इस मेले में जम्मू-कश्मीर का पशमीना शॉल, उत्तराखंड के जैकेट और लोही चादर, असम के बांस के उत्पाद, झारखंड के अचार-पापड़ और हैंडलूम उत्पाद, हरियाणा की चप्पल और पंजाबी जूती, गुजरात की बेडशीट, दिल्ली के रेडीमेड कपड़े, पश्चिम बंगाल के कैटलेरी, उत्तर प्रदेश के कंबल, मध्य प्रदेश की चूरन सुपारी, छत्तीसगढ़ के हैंडलूम, महाराष्ट्र के कुकवेल और बिहार की ज्वेलरी, मधुबनी पेंटिंग, अचार-पापड़, किचन वेयर, खिलौने और कैटलेरी जैसे उत्पाद लोगों को अपनी ओर आकर्षित करेंगे।
कुश्ती प्रतियोगिता भी देख सकेंगे
विशेष आकर्षण के रूप में 22 और 23 दिसंबर को सिद्धार्थ होटल के सामने कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बिहार के साथ-साथ हरियाणा, पंजाब और उत्तर प्रदेश के पहलवान भी हिस्सा लेंगे।
महोत्सव में किसानों को भी ध्यान में रखा गया है
आधुनिक कृषि यंत्रों का होगा प्रदर्शन
राजगीर महोत्सव के मेले में लगभग 20 विशेष स्टॉल से आधुनिक कृषि यंत्रों का प्रदर्शन किया जाएगा।
किसानों को अपने अनुभव साझा करने का मंच मिलेगा। विशेष रूप से मधुमक्खी पालन, मशरूम उत्पादन, जैविक सब्जियां, बेबी कॉर्न और स्वीट कॉर्न जैसे वैकल्पिक कृषि उत्पादों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
सरकारी योजनाओं की जानकारी के लिए आत्मा योजना, राष्ट्रीय कृषि विकास योजना और प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना जैसी महत्वपूर्ण पहलुओं की विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही नालंदा उद्यान महाविद्यालय और कृषि विज्ञान केंद्र हरनौत की ओर से औषधीय पौधों की विशेष प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी।

तोरण द्वार को सजाने का चल रहा कार्य।
किसानों को प्रशिक्षित भी किया जाएगा
मेले में सांस्कृतिक कार्यक्रमों से कृषि जागरूकता का प्रसार किया जाएगा। पशुपालन, डेयरी विकास और मत्स्य पालन जैसे क्षेत्रों पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।
विभाग ने सभी प्रखंडों से चयनित किसानों के लिए विशेष प्रशिक्षण और परिभ्रमण कार्यक्रम की भी योजना बनाई है, जिससे वे नवीन तकनीकों और पद्धतियों से परिचित हो सकें।
इस प्रकार राजगीर महोत्सव 2024 न केवल स्थानीय कला और संस्कृति का जश्न होगा, बल्कि यह राष्ट्रीय एकता और सांस्कृतिक विविधता का भी प्रतीक बनेगा।
महोत्सव का पांच बार स्थान बदल चुका है
महोत्सव का अब तक पांच बार स्थान बदल चुका है। सबसे पहले वर्ष 1986 में इसकी शुरुआत सोन भंडार के पास हुई थी। उसके बाद यूथ हॉस्टल, फिर किला मैदान, बाद में हॉकी मैदान फिर इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर और पिछले साल से स्टेट गेस्ट हाउस परिसर में आयोजन किया जा रहा है।
हालांकि, आम लोगों के लिए किला मैदान और यूथ हॉस्टल वाली जगह ही ज्यादा बेहतर थी। यहां आम लोग आसानी से रात के समय कलाकारों को सुन पाते थे।

ये हस्तियां कर चुकी हैं शिरकत
फिल्मी दुनिया की कई नामचीन हस्तियां यथा हेमामालिनी, मिनाक्षी, अनूप जलोटा, कल्पना पटवारी, अलका याज्ञनिक, जसपिंदर नरुला, उदित नारायण, पूर्णिमा, अनुराधा पौडवाल, शान से लेकर कई बड़े कलाकार आ चुके हैं।
उद्घाटन के मौके पर ये रहेंगे
आज उद्घाटन के मौके पर सीएम नीतीश कुमार के साथ राज्य सरकार के अन्य मंत्रियों के अलावा जिला प्रभारी मंत्री विजय कुमार चौधरी, ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार, सांसद कौशलेन्द्र कुमार मौजूद रहेंगे। वहीं, जिले के सभी विधायकों के अलावा जिला परिषद की अध्यक्ष तनुजा कुमारी, उपाध्यक्ष नरोत्तम, राजगीर नगर परिषद की मुख्य पार्षद जीरो देवी और उपमुख्य पार्षद मुन्नी देवी मौजूदगी रहेंगी।
———————————————
ये भी पढ़ें…
कृषि मेला बनेगा किसानों के लिए ज्ञान का केंद्र:राजगीर महोत्सव में 20 स्टॉल के माध्यम से आधुनिक कृषि यंत्रों का होगा प्रदर्शन

राजगीर महोत्सव 2024 के दौरान मेले में लगभग 20 विशेष स्टॉल के माध्यम से आधुनिक कृषि यंत्रों का प्रदर्शन किया जाएगा
राजगीर में आयोजित होने वाले प्रतिष्ठित राजगीर महोत्सव 2024 में इस साल किसानों के लिए कृषि मेला विशेष आकर्षण का केंद्र बनने जा रहा है। कृषि विभाग नालंदा की पहल पर आयोजित इस भव्य मेले में आधुनिक कृषि तकनीकों से लेकर पारंपरिक खेती तक का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। मेले में लगभग 20 विशेष स्टॉल के माध्यम से आधुनिक कृषि यंत्रों का प्रदर्शन किया जाएगा। इसमें विशेष आकर्षण का केंद्र होगा बायोफ्लॉक तकनीक से मछली पालन का जीवंत प्रदर्शन, जो कम जगह में अधिक उत्पादन का अभिनव प्रयोग है। पूरी खबर पढ़िए