असम में बाढ़ से 62 मौतें, 22 लाख लोग प्रभावित: नॉर्थ-ईस्ट में बारिश का रेड अलर्ट, MP में 3 दिन तक तेज बारिश का अनुमान

- Hindi News
- National
- Rainfall Alert | Rajasthan MP UP Delhi Assam Kerala Delhi Monsoon Forecast
नई दिल्ली23 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

असम में बाढ़ के कारण प्रभावित लोगों का आंकड़ा बढ़कर 22 लाख के करीब पहुंच गया है। राज्य के 29 जिलों के लोग बाढ़ के पानी से घिरे हैं। राज्य की प्रमुख नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। तूफान, बाढ़ और लैंडस्लाइड के कारण जान गंवाने वालों आंकड़ा 62 पहुंच गया है, 3 लोग लापता हैं।
सबसे ज्यादा प्रभावित जिला धुबरी है। यहां 6.48 लाख लोग, दरांग में 1.90 लाख लोग और कछार में 1.45 लोगों परेशानी का सामना कर रहे हैं। वहीं, काजीरंगा नेशनल पार्क में बीते 3-4 दिनों में बाढ़ के कारण 77 जानवरों की मौत हो चुकी है। अधिकारियों के मुताबिक, 94 जानवरों को अबतक रेस्क्यू किया जा चुका है।
मौसम विभाग ने नॉर्थ-ईस्ट के राज्यों में बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। वहीं उत्तर प्रदेश, राजस्थान और मध्य प्रदेश में अगले आज से अगले तीन दिन तक भारी बारिश का अनुमान जताया है। मौसम विभाग ने कहा है कि आज देश के 15 राज्यों में तेज बारिश होने की संभावना है।
वहीं, शुक्रवार को हिमाचल और उत्तराखंड समेत उत्तर भारत के राज्यों में भारी बारिश हुई। देहरादून में बारिश के कारण पानी से भरे गड्ढे में डूबने से 5 साल के बच्चे की मौत हो गई। हरिद्वार में भी एक लड़के की मौत डूबने से हुई। लैंडस्लाइड के कारण बद्रीनाथ NH समेत प्रमुख सड़कों पर ट्रैफिक बाधित हुआ।

आज 15 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
IMD ने शनिवार के लिए 15 राज्यों- उत्तराखंड, पंजाब, उत्तर प्रदेश, बिहार, सिक्किम, पश्चिम बंगाल, अरुणाचल प्रदेश, मणिपुर, मेघालय, असम, महाराष्ट्र, गोवा, गुजरात, ओडिशा, कर्नाटक बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। 14 राज्यों हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा, झारखंड, राजस्थान, केरल, नगालैंड, त्रिपुरा, मिजोरम, त्रिपुरा में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
दिल्ली में 24X7 बाढ़ नियंत्रण कक्ष स्थापित किए गए
दिल्ली में पिछले साल यमुना अपने 70 साल के सबसे हाई लेवल पर पहुंच गई थी। इसके कारण यहां कई इलाके बाढ़ के पानी में डूब गए थे। दिल्ली सरकार में मंत्री आतिशी और सौरभ भारद्वाज ने शुक्रवार को कहा कि यमुना के जलस्तर पर निगरानी रखी जा रही है।
बाढ़ की स्थिति पर नजर बनाए रखने के लिए 24X7 बाढ़ नियंत्रण कक्ष स्थापित किए गए हैं। जो हथिनी कुंड बैराज के जलस्तर पर नजर बनाए रखेगा। दोनों मंत्रियो ने कहा कि जैसे ही बैराज से एक लाख क्यूसेक से अधिक पानी छोड़ा जाएगा, बाढ़ नियंत्रण विभाग सहित सभी एजेंसियां सक्रिय हो जाएंगी।
बाढ़ नियंत्रण कक्ष में दिल्ली नगर निगम, दिल्ली विकास प्राधिकरण और नई दिल्ली नगर परिषद (NDMC) समेत अन्य एजेंसियों के अधिकारी तैनात रहेंगे। मौसम विभाग ने शनिवार को दिल्ली में बादल छाए रहेंगे। यहां गरज के साथ बारिश हो सकती है। बिजली गिरने के भी आसार हैं। अगले 4-5 दिन दिनों में राजधानी में भारी बारिश का अनुमान है।
देश में मानसून का असर…
1. उत्तराखंड में सड़कें ब्लॉक, बद्रीनाथ जाने वाले NH पर ट्रैफिर जाम उत्तराखंड में शुक्रवार को कई जिलों में भारी बारिश हुई। इसके चलते लैंडस्लाइड हुआ और 88 सड़कों पर ट्रैफिक बाधित हुआ। एक स्टेट हाइवे, दो बॉर्डर सड़कें और ऋषिकेश-बद्रीनाथ नेशनल हाइवे लामबगड़ में अवरुद्ध हुआ। यह रास्ता लैंडस्लाइड के लिए बहुत संवेदनशील है।
वहीं, रुद्रप्रयाग में भूस्खलन के मलबे के कारण पुरानी सुरंग बंद हो गई। सिटी एसपी विशाखा अशोक भदाने ने कहा कि घटना में किसी को चोट नहीं आई है। देहरादून में दिनभर रुक-रुक बारिश होती रही। यहां भी कई सड़कों पर रास्त ब्लॉक हो गया।
2. हिमाचल प्रदेश में 59 प्रतिशत अधिक बारिश
पहाड़ी राज्य हिमाचल प्रदेश में जुलाई के शुरूआती 5 दिनों में सामान्य 27.2 मिमी के मुकाबले 43.2 मिमी बारिश हुई है, जो पहले 59 प्रतिशत अधिक है। स्टेट इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर ने काह कि मंडी में 55, चंबा में 7, कांगड़ा-शिमला में बारिश के कारण 64 सड़कों पर ट्रैफिक रोक दिया गया है।
शिमला में शनिवार को भारी बारिश, आंधी और बिजली गिरने का येलो अलर्ट जारी किया है।
3. राजस्थान के बारिश जारी, कई जगहों पर 100 mm से ज्यादा बारिश
राजस्थान के साजनगढ़ (बांसवाड़ा) में 116 mm, तिजारा में 107 mm, दानपुर में 101 mm, नैनवां (बूंदी) में 102 mm, थानागाजी में 97 mm, पीपल्दा (कोटा) में 90 mm, टपूकड़ा में 88 mm और जयपुर के फागी में 82 mm बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने कहा कि यहां अगले 24 घंटे की भारी बारिश हुई हो सकती है।
मौसम विभाग ने कहा कि बीकानेर संभाग और जोधपुर संभाग के पूर्वी और उत्तरी भागों में भी अगले दो से तीन दिनों में बारिश होने की संभावना है।
4. मेघालय में 1 से 3 जुलाई के बीच 17.32 सेमी बारिश हुई
मेघालय में पिछले एक महीने में सामान्य से 44 प्रतिशत अधिक बारिश हुई है, जिससे लोगों का जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। लोगों के घरों और सार्वजनिक संपत्तियों को काफी नुकसान पहुंचा है। आपदा प्रबंधन से जुड़े अधिकारी ने बताया कि राज्य में 1 जून से 3 जुलाई के बीच 117.32 सेमी बारिश हुई, जो सामान्य से 44 प्रतिशत अधिक है। राज्य के दक्षिणी जिले सबसे अधिक प्रभावित हैं।
वहीं, दार्जिलिंग, कलिम्पोंग, जलपाईगुड़ी, अलीपुरद्वार और कूचबिहार में शनिवार से अगले 2 दिन तक बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। दार्जिलिंग और कलिम्पोंग में भूस्खलन और मैदानी इलाकों में जलभराव हो सकता है। भारी बारिश के कारण तीस्ता, जलधाका, संकोश और तोरसा जैसी नदियों का जलस्तर बढ़ सकता है।

देशभर से मौसम की तस्वीरें…

असम सीएम डॉ हिमंत बिस्वा सरमा ने डिब्रूगढ़ जिले के पिथुबोर गर्ल्स हायर सेकेंडरी स्कूल में बनाए गए राहत शिविर का दौरा किया।

जम्मू-कश्मीर के गांदेरबल में भी बारिश हो रही है। यहां बालटाल के रास्ते से अमरनाथ जाते तीर्थयात्री।

आगरा में बारिश के दौरान ताजमहल देखने पहुंचे पर्यटक।

असम में जमकर बारिश हो रही है। गुवाहाटी के कई इलाकों में पानी भर गया है। मोटर पंप से पानी बाहर निकाला जा रहा है।

मेघालय के सीएम कॉनराड संगमा ने गारो हिल्स के बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा किया। यहां करीब 30 हजार परिवार प्रभावित हुए हैं।
आगे कैसा रहेगा मौसम…
- 5 जुलाई को मध्य प्रदेश के अलग-अलग स्थानों पर बिजली गिरने और 30-40 किमी प्रति घंटे की गति से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
- 6 जुलाई को उत्तर प्रदेश, राजस्थान, बिहार, गुजरात राज्य, तमिलनाडु, पुडुचेरी के अलग-अलग स्थानों पर बिजली गिरने का अनुमान है।
- 6 जुलाई को उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय, उत्तर प्रदेश, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, गोवा बिहार, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा, महाराष्ट्र, तटीय कर्नाटक के अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट है।

अब राज्यों के मौसम का हाल पढ़िए…
छत्तीसगढ़: 9 जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट, अब तक 212.6MM बरसात, बीजापुर में सबसे ज्यादा; बांधों में सिर्फ 33.89% पानी

छत्तीसगढ़ के 9 जिलों में शुक्रवार (5 जुलाई) को भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट है। राज्य में 7 जुलाई से बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है। बस्तर संभाग के सभी जिलों में 6 जुलाई से 8 जुलाई तक ऑरेंज अलर्ट है। मौसम विभाग ने बताया कि 1 जून से 4 जुलाई तक राज्य में 212.6MM औसत वर्षा दर्ज की जा चुकी है। बीजापुर में सबसे ज्यादा 300.8MM और सरगुजा जिले में सबसे कम 149.4MM वर्षा हुई है। पूरी खबर पढ़ें…
बिहार: 36 जिलों में बारिश का अलर्ट, अगले 48 घंटे में भारी बारिश के आसार; पटना में हर घंटे 5 सेंटीमीटर बढ़ रहा गंगा का पानी

बिहार में पटना समेत कई जिलों में 6 जुलाई तक बारिश के आसार हैं। राज्य के 36 जिलों में शुक्रवार (5 जुलाई) को बारिश का अलर्ट है। मुजफ्फरपुर, सीवान, सीतामढ़ी, पूर्णिया, कटिहार, अररिया, किशनगंज में भारी बारिश हो सकती है। पटना के गांधी घाट केंद्रीय जल के आयोग मुताबिक, बिहार में गंगा के जलस्तर में हर घंटे 4 से 5 सेंटीमीटर मीटर की बढ़ोतरी हो रही है। पूरी खबर पढ़ें…
मध्य प्रदेश: रीवा-भिंड समेत 13 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, भोपाल-इंदौर में भी गिरेगा पानी; MP में 7-8 जुलाई से स्ट्रॉन्ग सिस्टम

मध्य प्रदेश में 7-8 जुलाई से बारिश का स्ट्रॉन्ग सिस्टम एक्टिव होगा। इससे पहले मौसम विभाग ने शुक्रवार (5 जुलाई) को रीवा, नीमच, श्योपुरकलां, भिंड, शिवपुरी, रायसेन, सतना समेत 13 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर, उज्जैन समेत प्रदेश के अन्य जिलों में भी पानी गिरेगा। पूरी खबर पढ़ें…
राजस्थान: 29 जिलों में आज बारिश का अलर्ट, सीकर में लगातार बारिश से रेलवे ट्रैक डूबा; कॉलोनियों में भरा पानी

राजस्थान में शुक्रवार (5 जुलाई) को तेज बारिश का दौर जारी रहेगा। आज 29 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट है। इनमें से 6 जिलों में तेज बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने राज्य में 18 जुलाई तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना जताई है। पिछले 24 घंटे के दौरान राजस्थान के जयपुर, सीकर, झुंझुनूं, अलवर, भरतपुर सहित कई जिलों में बारिश हुई। सीकर में रेलवे ट्रैक पानी में डूब गया। कॉलोनियों में पानी गया। पूरी खबर पढ़ें…
पंजाब: 12 जिलों में आज बारिश का ऑरेंज अलर्ट, तापमान सामान्य से 3 डिग्री कम रिकॉर्ड; राज्य में औसत 14.8MM बरसात

पंजाब में मानसून के सक्रिय होने के बाद हुई बारिश के कारण औसत तापमान में लगातार गिरावट आ रही है। पिछले 24 घंटों में पंजाब का तापमान 1.8 डिग्री कम दर्ज किया गया। जिसके बाद पंजाब का औसत तापमान सामान्य से 3.1 डिग्री कम रहने का अनुमान लगाया गया है। पंजाब में आज बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग की ओर से जारी सूचना के अनुसार पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, कपूरथला, जालंधर, होशियारपुर, नवांशहर, रूपनगर, एसएएस नगर मोहाली और फतेहगढ़ साहिब में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। जबकि अन्य राज्यों में बारिश का अलर्ट है, लेकिन स्थिति सामान्य रहेगी। पूरी खबर पढ़ें…
चंडीगढ़: मानसून धीमा पड़ा, आज फिर बारिश होने की संभावना, तापमान 34 डिग्री सेल्सियस

चंडीगढ़ में 3 दिन की बारिश के बाद मानसून की रफ्तार धीमी पड़ गई है। हालांकि, मौसम विभाग की तरफ से अभी भी अगले 4 दिनों तक बादल छाए रहने और बारिश होने की संभावना जताई है। शुक्रवार (5 जुलाई) को अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना है। पूरी खबर पढ़ें…
हिमाचल प्रदेश: भारी बारिश और फ्लैश-फ्लड का अलर्ट, लैंडस्लाइड से 81 सड़कें बंद; मंडी में 135% ज्यादा बारिश

हिमाचल प्रदेश के कई इलाकों में बीती रात से बारिश हो रही है। मौसम विभाग (IMD) ने शुक्रवार (5 जुलाई) को भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। IMD के अनुसार, अगले दो दिनों के दौरान पूरे प्रदेश में मानसून और एक्टिव होगा। इससे ज्यादातर भागों में अच्छी बारिश के आसार हैं। 8 जुलाई के बाद अगले दो तीन दिन तक मानसून थोड़ा कमजोर पड़ेगा। पूरी खबर पढ़ें…
